सहीराम मीणा IRS के पास 200 करोड़, गिनती अभी जारी

पद-ओहदा, रुतबा-रुआब और धन सम्पति. सब कुछ था उनके पास. उनकी हसरत थी संसद तक पहुंचने की. लेकिन उसके पहले ही एंटी करप्शन ब्यूरो ने कोटा में नारकोटिक्स विभाग के डिप्टी कमिश्नर सहीराम मीणा को गणतंत्र दिवस के दिन कथित रूप से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया.

मीणा ने सुबह झंडारोहण किया और सत्य निष्ठा पर तकरीर की. अब अधिकारी उनकी धन-सम्पति का हिसाब लगा रहे हैं.

अधिकारियों की माने तो आंकड़ा दो सौ करोड़ से ऊपर तक पहुंच गया है. ब्यूरो के अधिकारियों के मुताबिक अब तक की जाँच में मीणा के पास से ढाई करोड़ नकद, 106 प्लॉट, 25 दुकानें, पेट्रोल पंप, मैरेज होम, जेवरात और कृषि भूमि का रिकॉर्ड मिला है.

मीणा के पास मिली धन राशि गिनने के लिए मशीन की मदद लेनी पड़ी. जानकारी मिली है कि उन्होंने बिटकॉइन में भी निवेश किया है.

ब्यूरो के अधिकारी क्रिप्टोकरेंसी का पता लगाने के लिए उन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को ढूंढ रहे हैं जिसे मीणा इस्तेमाल करते थे.

अधिकारियों के अनुसार पकड़े जाने के बाद न तो उनके चेहर पर कोई खौफ था न चेहरे पर कोई शिकन.

एंटी करप्शन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रशील ठाकुर ने बीबीसी को बताया कि अभी मीणा से पूछताछ की जा रही है.

मीणा के साथ दलाल कमलेश धाकड़ को भी गिरफ्तार किया गया है. धाकड़ को एक लाख रूपये की रिश्वत देते हुए गिरफ्तार किया गया है.

वह मीणा का दलाल भी हैं. उनके पिता अफीम की खेती करते हैं. जाँच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि मीणा जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं. पूछताछ में मीणा ने कहा कि उनके पास पुश्तैनी पैसा है.

ब्यूरो को कार्यवाही के दौरान ऐसे दस्तावेज़ मिले हैं, जिससे खुलासा हुआ कि मीणा लोक सभा का चुनाव लड़ना चाहते थे.

वो बीजेपी और कांग्रेस दोनों में से किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ने को तैयार थे.


मीणा 1989 में सरकारी सेवा में आये और तरक्की की सीढिया चढ़ते हुए 1997 में भारतीय राजस्व सेवा के सदस्य बन गए.

उनकी सेवानिवृति में थोड़ा ही वक्त बचा था. अधिकारियों ने पूछताछ तेज़ की, तो उन्होंने तबियत नासाज़ होने की बात कही.

इसके बाद तुंरत हॉस्पिटल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें स्वस्थ घोषित कर दिया.

ब्यूरो के अधिकारी ठाकुर कहते हैं कि हम उनसे पूछताछ कर यह पता लगाना चाहते हैं कि रिश्वत के इस काम में कौन-कौन शामिल था और यह कितनी बड़ी शृंखला थी.

अधिकारियों के अनुसार अफीम की खेती में किसानों और नारकोटिक्स विभाग के बीच मुखिया सेतु होता है. मुखिया ही उस गांव में अफीम की काश्त का नाप तौल और हिसाब करता है.

कमलेश अपने गांव में अपने पिता को मुखिया बनवाना चाहते थे लेकिन पात्रता के बावजूद किसी और को मुखिया बना दिया गया.

ब्यूरो के अधिकारियों की मीणा पर काफी समय से नज़र थी, इसीलिए कमलेश और मीणा के फोन निगरानी में रखे गए.

सब कुछ फ़िल्मी कथा की तरह हुआ. ब्यूरो ने मीणा पर नज़र रखी. गणतंत्र दिवस पर जैसे ही मीणा अपने घर से समारोह के लिए निकले, उनकी गाड़ी को दो नारकोटिक्स कर्मचारी बाइक पर एस्कॉर्ट करते हुए चले.

अभियुक्त मीणा ने झंडारोहण किया और बीस मिनट तक ईमानदारी पर भाषण दिया. फिर घर लौटे और जैसे ही कमलेश ने एक लाख रूपये की रिश्वत दी ,उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

राजस्थान में सवाई माधोपुर ज़िले के मीणा कोई तीन दशक से सरकारी सेवा में हैं. जाँच में लगे अधिकारियों के अनुसार उन्हें निलंबित कर दिया गया है.

मगर इस बारे में कोटा स्थित नारकोटिक्स विभाग से सम्पर्क किया गया तो कहा गया उन्हें इसकी जानकारी नहीं है.

नारकोटिक्स विभाग के मुख्यालय ग्वालियर में भी कोई भी अधिकारी इस मामले में बात करने को तैयार नहीं हुआ. ब्यूरो के मुताबिक, आरोपी मीणा के कई लॉकर और बैंक अकाउंट है.

Comments

Popular posts from this blog

中英合作大手笔:贸易战和资本管制阴影下的“沪伦通”

Unerwarteter Ärger mit dem Eigenheim

Добился своего: как дзюдоист Денис Ярцев покорял Японию