राहुल का अमेठी की जनता को पत्र, कहा- अपने परिवार के सदस्य को फिर चुनें

अमेठी. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने लोकसभा क्षेत्र अमेठी के लोगों के नाम एक भावुक पत्र लिखा है। राहुल ने इसमें आश्वासन दिया है कि केंद्र में उनकी पार्टी की सरकार बनने के बाद क्षेत्र का विकास किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष का यह पत्र अमेठी के हर घर में पहुंचाया जा रहा है। अमेठी में 6 मई को लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण में मतदान होना है। यहां राहुल को मुख्य चुनौती भाजपा की स्मृति ईरानी से मिल रही है।

‘मेरा अमेठी परिवार’
राहुल ने पत्र में अपने लोकसभा क्षेत्र की जनता को ‘मेरा अमेठी परिवार’ के नाम से संबोधित किया है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अमेठी में झूठ का कारखाना चला रही है। पैसे की नदियां बहा रही है ताकि मतदाताओं को प्रलोभन दिया जा सके। इस लोकसभा क्षेत्र की पहचान ईमानदारी, एकता और उसकी सादगी है।

प्रियंका गांधी के पास प्रचार की कमान
राहुल इस वक्त देशभर में दौरे और सभाएं कर रहे हैं। अमेठी में उनके प्रचार का जिम्मा छोटी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा संभाल रही हैं। संभवत: अपने लोकसभा क्षेत्र को पर्याप्त समय न दे पाने की वजह से ही राहुल ने यह पत्र लिखा है। उन्होंने लिखा, ‘मैं अमेठी की जनता से वादा करता हूं कि जैसे ही केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी, उन विकास योजनाओं को पुन: शुरू किया जाएगा जो भाजपा ने रोक दी हैं। आप अपने परिवार के इस सदस्य को फिर से चुनें।’

राहुल ने कहा- अमेठी तो मेरा परिवार

कांग्रेस की तरफ से प्रधानमंत्री पद के दावेदार राहुल ने पत्र में लिखा है कि अमेठी उनके परिवार की तरह है। इसकी वजह से ही वो सत्य के साथ खड़े हुए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्र में ये भी लिखा है कि वो गरीबों के दर्द को समझते हैं और उनकी आवाज हमेशा उठाते रहेंगे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वो सिर्फ 15-20 उद्योगपतियों के लिए काम करती है। जबकि, कांग्रेस देश के किसान, युवा, कमजोर और महिलाओं के हितों की बात करती है।

‘राहुल गांधी लापता’
कांग्रेस अध्यक्ष यहां से 2004, 2009 और 2014 में सांसद चुने जा चुके हैं। पिछले चुनाव में उनकी जीत का अंतर करीब 1 लाख वोट ही रह गया था। इस बार वो केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। अमेठी में उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से है। कुछ दिनों पहले अमेठी में राहुल के कुछ पोस्टर लगाए गए थे। इनमें लिखा गया था कि अमेठी का सांसद लापता है।

Comments

Popular posts from this blog

中英合作大手笔:贸易战和资本管制阴影下的“沪伦通”

Unerwarteter Ärger mit dem Eigenheim

आज़म ख़ान के ख़िलाफ़ योगी सरकार वाक़ई सख़्त है?